–कार्यक्रम की तैयारी को लेकर महुआ और गोरोल में हुई बैठक
वैशाली। ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं, उनके अधिकारों और पत्रकारिता के सामने उत्पन्न चुनौतियों को लेकर मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मनी (एमएफबीएच) की ओर से 25 अक्टूबर को जंदाहा में हमारी आवाज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें वैशाली, मुजफ्फरपुर और सारण जिले के पत्रकारों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में पत्रकार अपनी समस्याएं और मांगें रखेंगे तथा उनके समाधान की दिशा में पहल पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर महुआ के फुलवरिया में एमएफबीएच के विधानसभा प्रभारी वरीय पत्रकार नवनीत कुमार के आवास पर बैठक हुई। बैठक में 25 अक्टूबर को जंदाहा में हमारी आवाज कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकारों की समस्या और पत्रकार, पत्रकारिता और सरकार विषय पर संवाद होगा।
बैठक में संगठन के संरक्षक वरीय पत्रकार अनिरुद्ध राजा ने कहा कि एमएफबीएच लगातार ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं को लेकर काम कर रहा है। हमारी आवाज कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारों की ओर से रखी गई मांगों पर सरकार ने गंभीरता से कार्रवाई की है। पत्रकारों के लिए बीमा और पेंशन योजना लागू होना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अब सभी ग्रामीण पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकार का दर्जा देने तथा वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन के दायरे में लाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कार्यक्रम में पत्रकार सीधे अपनी समस्याएं रखेंगे और उनके समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संवाद किया जाएगा।

संगठन के महासचिव वरीय पत्रकार ब्रजेश कुमार ने कहा
वैशाली जिले के विधायक और सांसद भी कार्यक्रम में शामिल होकर पत्रकारों की समस्याओं के निदान की पहल करेंगे। जिले के सभी प्रखंडों से पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले संगठन की ओर से मुजफ्फरपुर के सरैया में 27 सितंबर 2026 को प्रस्तावित हमारी आवाज कार्यक्रम में भी वैशाली जिले के प्रत्येक प्रखंड से पत्रकारों की भागीदारी होगी।
बैठक के बाद पत्रकारों की टोली ने महुआ के नवनियुक्त डीएसपी पुलस्त्य कुमार से मुलाकात कर पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में एमएफबीएच के जिला महासचिव वरीय पत्रकार ब्रजेश कुमार, अमरेंद्र तिवारी, जिला अध्यक्ष प्रभात कुमार, नवनीत कुमार, संतोष वर्मा, प्रशांत क्रांतिकारी, अनिरुद्ध राजा, राजेश कुमार, रेणु सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं गोरौल में आयोजित बैठक में संगठन के संरक्षक वरीय पत्रकार मोहन कुमार सुधांशु, शैलेंद्र कुमार पांडे, सुधीर कुमार झा, मनीष कुमार, मोहम्मद जाहिद वारसी और अमरेश कुमार शर्मा ने भाग लिया। सभी ने हमारी आवाज कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
